मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की पहली महिला अधिशासी अधिकारी के रूप में लखनऊ से आई प्रज्ञा सिंह ने पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप से मुलाकात के बाद आज चार्ज ग्रहण कर लिया है।

1 फरवरी को शासन ने नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के अधिशासी अधिकारी हेमराज सिंह का हमीरपुर जनपद के लिए तबादला कर दिया था। उनके स्थान पर लखनऊ नगर निगम की सहायक नगर आयुक्त प्रज्ञा सिंह को मुजफ्फरनगर पालिका में अधिशासी अधिकारी के रूप में तैनात किया गया था। प्रज्ञा सिंह 15 फरवरी को जिला मुख्यालय पहुंची थी।

शनिवार को करीब 12:15 बजे उन्होंने अपने पति के साथ नई मंडी स्थित पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और इसके बाद मुजफ्फरनगर नगर पालिका परिषद की पहली महिला अधिशासी अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इस दौरान पालिका के कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी सहायक अभियंता निर्माण अखंड प्रताप सिंह, कर अधीक्षक नरेश कुमार शिवालिया, कार्यालय अधीक्षक ओमवीर सिंह, लिपिक गगन महेंद्र, संजीव कुमार, आईटी ऑफीसर प्रियेश कुमार भी मौजूद रहे।